मरौदा रेलवे स्टेशन पर आपदा से निपटने का अभ्यास, NDRF और SDRF ने किया संयुक्त मॉक ड्रिल

Spread the love
मरौदा रेलवे स्टेशन पर आपदा से निपटने का अभ्यास, NDRF और SDRF ने किया संयुक्त मॉक ड्रिल

मरौदा रेलवे स्टेशन पर आपदा से निपटने का अभ्यास, NDRF और SDRF ने किया संयुक्त मॉक ड्रिल ट्रेन के डिब्बे में आग और दुर्घटना का दृश्य किया गया तैयार, यात्रियों को सुरक्षित निकालने और राहत-बचाव के तरीकों का किया प्रदर्शन

दुर्ग/ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा शुक्रवार 20 नवंबर 2026 को मरौदा (MXA) रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के सहयोग से संयुक्त आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें रेलवे के विभिन्न विभागों, सिविल डिफेंस, रेलवे सुरक्षा बल, मेडिकल टीम, पुलिस, अग्निशमन दल और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य रेल दुर्घटना अथवा किसी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना और संबंधित कर्मचारियों एवं नागरिकों को प्रशिक्षित करना था। अभ्यास के दौरान ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने और यात्री कोच में आग लगने जैसी परिस्थितियां निर्मित की गईं। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त कोच से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान आधुनिक उपकरणों की सहायता से रेलवे कोच को काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की तकनीक भी दिखाई गई। साथ ही आग बुझाने के विभिन्न तरीकों और आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार केंद्र, शव गृह, अधिकारी कक्ष, मीडिया केंद्र, पूछताछ केंद्र, दूरभाष केंद्र, नागरिक सुरक्षा सहायता केंद्र, एआरटी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और रेलवे सुरक्षा बल सहायता केंद्र सहित विभिन्न व्यवस्थाएं स्थापित की गई थीं। रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने भी बम की जांच करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

अभ्यास के दौरान छत्तीसगढ़ शासन एवं भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के अग्निशमन वाहनों, एंबुलेंस, स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने भी सहयोग दिया। एनडीआरएफ की मुंडाली (कटक, ओडिशा) बटालियन, एसडीआरएफ रायपुर, रेलवे की दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), दुर्घटना राहत चिकित्सा वैन (ARMV) तथा विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक रायपुर बजरंग अग्रवाल ने उपलब्ध संसाधनों और राहत-बचाव व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने वास्तविक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित टीमों को हमेशा तैयार रहने की आवश्यकता बताई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि इस तरह के अभ्यास से रेलवे कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्य करने की जानकारी मिलती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि रेल दुर्घटना या आपात स्थिति के दौरान पीड़ितों की सहायता करें और रेलवे प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सुरेश चन्द्र, सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, एनडीआरएफ कमांडेंट जे. आदित्य रेड्डी, आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी एवं सीएमएचओ कार्यालय से डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, दुर्ग से डॉ. विभोर लाल सहित उनकी टीम, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड के सदस्य, संरक्षा सलाहकार, सुपरवाइजर, रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *