
भिलाई। संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से संस्कृत मित्र मंडल द्वारा रविवार, 23 अगस्त 2026 को ‘संस्कृत महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। सेक्टर-6 स्थित आर्य समाज मंदिर में दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन में जिले के 25 से अधिक विद्यालयों के लगभग 300 विद्यार्थी भाग लेंगे।
महोत्सव के दौरान संस्कृत कीबोर्ड परीक्षा में 100% अंक हासिल करने वाले 80 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए संस्कृत समूह गीत (150 प्रतिभागियों की सहभागिता), संस्कृत पोस्टर निर्माण, ग्रीटिंग कार्ड निर्माण, सुलेख और हिंदी निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं दो वर्गों—जूनियर (कक्षा 6 से 8) और सीनियर (कक्षा 9 व उससे ऊपर) में आयोजित होंगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव की सफलता के लिए अपना शुभकामना संदेश भेजा है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारत की गौरवशाली ज्ञान-विज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक पहचान की संवाहक है। संस्कृत मित्र मंडल का यह प्रयास विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल एवं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही नीरज खरया, साहित्यकार विजय कुमार गुप्ता ‘मुन्ना’, अवनी भूषण पुरंग, योगी जी राम साहू, हेमा सक्सेना, ऋचा श्रीवास्तव, अंजू ठाकुर एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में प्रेम प्रकाश शास्त्री, पी. आर. साहू और मोहनलाल आर्य सहित अन्य विद्वान शामिल रहेंगे।
संस्कृत मित्र मंडल के महासचिव डॉ. अजय आर्य, आभा चौरसिया और जॉली थॉमस ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों में भाषा के प्रति रुचि जगाने के साथ उन्हें जीवन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रीति भट्ट, शीला लाकुडकर, वंदना सिंह, झरना धमदे, वेद प्रकाश, सूर्य प्रकाश, धीरज आर्य, अमित कुमार मिश्र, सलिल चंद्र प्रकाश और धीरज मणि सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मंडल ने सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।