
रायपुर। राजधानी के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड नंबर-13 स्थित एक रिहायशी मकान में देसी बम बनाने का संदिग्ध सामान बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और साइबर सेल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, रावाभाठा के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को मिली थी। जब टीम ने वहां छापेमारी की, तो मौके से भारी मात्रा में तार, संदिग्ध रॉ मटेरियल और अन्य उपकरण मिले, जिनका इस्तेमाल देसी बम या विस्फोटक बनाने में किया जा सकता है।
रिहायशी इलाके में इस तरह की सामग्री मिलने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।जांच में जुटीं टीम ने घटना की पुष्टि करते हुए एसीपी पूर्णिमा लाने ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और टेक्निकल टीम मौके पर सक्रिय हो गई है। बम स्क्वॉड द्वारा जब्त सामान की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह विस्फोटक कितना खतरनाक है और इसे किस उद्देश्य से जमा किया गया था।