
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में उत्साह के साथ आयोजित हुआ कार्यक्रम; शिक्षकों ने लिया देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प
दुर्ग। केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में शिक्षकों ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति का भव्य संदेश दिया। डॉ. अजय आर्य के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम से पूरा विद्यालय परिसर देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना से ओत-प्रोत नजर आया ।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा बड़ा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों में राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों के निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है ।
इस अवसर पर प्रधान पाठक कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और कर्तव्यों के प्रति बोध को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय मूल्यों को विकसित करने में अपनी महती भूमिका निभाएं।
वहीं, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता, त्याग और शौर्य का प्रतीक है। इसका सम्मान केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हर नागरिक के जीवन में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी के रूप में दिखना चाहिए। शिक्षक नई पीढ़ी के चरित्र निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण वाहक हैं। संजय भदौरिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगा हमें एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। भारत की विविधता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक पुरुषोत्तम साहू ने जोशीले राष्ट्रभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। उनके ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष से विद्यालय परिसर में देशभक्ति की लहर दौड़ गई। अंत में सभी शिक्षकों ने तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम में प्राचार्य पुष्पा बड़ा, प्रधान पाठक कमल सोनी, डॉ. श्रावणी सिंह, पुरुषोत्तम साहू, डॉ. अजय आर्य, राजेश चंद्राकर, गुरलीन, संजू सिंह, गणेश ओझा, ज्योति, कन्हैयालाल वैद्य, कृष्णा गोस्वामी, नरेश सिंगरौल, नीना खत्री, नीति यादव, राखी श्रीवास्तव, रीखेंद्र, एस.के. रॉय, टकेश्वर साहू और अमित सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।