झाड़ियों में अचेत अवस्था में मिली मासूम, आरोपी धनेश्वर साहू पुलिस की हिरासत में
भिलाई/उतई | दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारीपारा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने स्कूल से लौट रही 5 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
दुकान गई थी बच्ची, 2 घंटे तक नहीं लौटी
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बच्ची स्कूल से घर लौटी थी। घर आने के बाद वह अपनी दादी से पैसे लेकर पास की दुकान गई, लेकिन जब दो घंटे बाद भी वह वापस नहीं आई, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
बोरे में बंद मिली मासूम, पैर बाहर की ओर था
सूचना मिलते ही पुलिस टीम बंजारीपारा पहुंची और मोहल्ले में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान एक खंडहर के पास झाड़ियों में पुलिस को एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया, जिससे बच्ची का पैर बाहर दिख रहा था। बोरा खोलने पर बच्ची अचेत अवस्था में मिली। दरिंदगी की हद यह थी कि मासूम का मुंह तकिए के कवर से बांध दिया गया था ताकि वह चिल्ला न सके।
शराब के नशे में था आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और बच्ची को बोरे में भरकर अपने घर ले गया था। वहां उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस को आरोपी के घर से महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं।
बच्ची की हालत स्थिर, जांच जारी
अचेत अवस्था में मिली बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। फिलहाल बच्ची स्वस्थ है।
“मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।”
— पुलिस प्रशासन, दुर्ग