बेखौफ बदमाशों का कारनामा, जिला मुख्यालय को बनाया निशाना, दफ्तरों के ताले तोड़कर उड़ा ले गए नगदी

Spread the love
बेखौफ बदमाशों का कारनामा, जिला मुख्यालय को बनाया निशाना, दफ्तरों के ताले तोड़कर उड़ा ले गए नगदी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला मुख्यालय से एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले प्रशासनिक परिसर में स्थित आधार केंद्र और कोष, लेखा एवं पेंशन विभाग को चोरों ने निशाना बनाया है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने रात के समय दोनों विभागों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। सुबह जब आधार केंद्र का संचालक कार्यालय पहुंचा तो उसने ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जांच करने पर केंद्र में रखी नकदी गायब मिली। आधार केंद्र संचालक के मुताबिक, कार्यालय से करीब 8 हजार रुपये नकद चोरी हो गए हैं। घटना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई।

वहीं, जिला मुख्यालय परिसर में स्थित कोष, लेखा एवं पेंशन विभाग में भी चोरी की कोशिश की गई। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि कार्यालय के अंदर रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें अस्त-व्यस्त हालत में मिलीं। जरूरी कागजातों को इधर-उधर कर दिया गया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज की तलाश में थे।

घटना की सबसे गंभीर बात यह है कि चोरी की यह वारदात ऐसे परिसर में हुई है, जिसे जिले का सबसे सुरक्षित प्रशासनिक क्षेत्र माना जाता है। जिला मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद चोरों का इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले की जांच जारी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का मकसद केवल नकदी चुराना था या फिर किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज को निशाना बनाया गया था। घटना के बाद जिला मुख्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *