भिलाई नेहरू नगर में सूने मकान पर चोरों का धावा: 50 लाख के जेवरात और नकदी पार

Spread the love
भिलाई नेहरू नगर में सूने मकान पर चोरों का धावा: 50 लाख के जेवरात और नकदी पार


भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पॉश कॉलोनी नेहरू नगर (पश्चिम) में सोमवार को चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 45 से 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित 1.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।


​शादी समारोह में गया था परिवार
​मिली जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे सपरिवार आम्रपाली सोसाइटी में अपनी भतीजी के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। इसी बीच सूने मकान का फायदा उठाते हुए चोरों ने सामने के दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर घुसकर इत्मीनान से चोरी की।


​रात दो बजे घर लौटे तब चला पता
​विनय कुमार अग्रवाल जब देर रात करीब 2:00 बजे परिवार के साथ घर वापस लौटे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना सुपेला पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर 1.50 लाख रुपये नकद और 50 लाख के आसपास के जेवरात की चोरी का अनुमान है, हालांकि परिजनों का दावा है कि नुकसान इससे कहीं अधिक हो सकता है।

​जांच में यह बात सामने आई है कि जिस मकान में चोरी हुई, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। विनय कुमार अग्रवाल किराए के मकान में रहते हैं, जहाँ सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। हैरानी की बात यह है कि आसपास के मकानों में भी सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से रफूचक्कर हो गए।

​वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल, एएसपी (भिलाई) सुखनंदन राठौर, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार और सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *