
12वीं की परीक्षा 12 मार्च से और 10वीं की 13 मार्च से होगी शुरू, सुबह 9 से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगे पेपर
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) मुख्य परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से प्रारंभ होकर 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 12वीं की परीक्षा की शुरुआत 12 मार्च को हिंदी विषय के पेपर से होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र एवं लेखाशास्त्र सहित विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान एवं अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित तथा 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
वहीं, 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन एवं अन्य विषयों, 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, 7 अप्रैल को क्षेत्रीय एवं अन्य भाषाओं तथा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय की परीक्षा होगी।
इसी तरह कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से शुरू होगी। 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी तथा 30 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। इसके अलावा 1 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा 5 अप्रैल को दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत एवं मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्र में सुबह 9 बजे पहुंचना अनिवार्य
मंडल ने परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपना स्थान ग्रहण करना होगा। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण और 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा।
शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा की समय-सारणी भी जारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा वर्ष 2027 के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की समय-सारणी भी जारी की है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 19 मार्च तक तथा द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित होंगी।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा अवधि के दौरान शासन द्वारा सार्वजनिक अथवा स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने की स्थिति में भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
विद्यार्थी एवं अभिभावक विषयवार विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।