दुर्ग के जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, पिघले लोहे की चपेट में आने से ठेकेदार की मौत

Spread the love
दुर्ग के जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, पिघले लोहे की चपेट में आने से ठेकेदार की मौत

1500 से 1600 डिग्री तापमान वाले पिघले लोहे से बुरी तरह झुलसे संतोष कुमार श्रीवास्तव, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

दुर्ग। जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। मशीन की जांच के दौरान पिघले लोहे की चपेट में आने से ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार श्रीवास्तव मूल रूप से बिहार के चंपारण के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि कुछ दिन पहले ही उन्हें प्लांट में ठेके का काम मिला था। हादसे वाली रात वह मशीन की जांच करने के लिए ऊपर गए थे। इसी दौरान मशीन से अचानक करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला गर्म एवं पिघला लोहा बाहर निकला और उनके ऊपर गिर गया। इसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में आग की चपेट में आया एक व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग भी उसे बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
मामले में दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने बताया कि जलने से घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


हादसे के बाद प्लांट में मशीन संचालन के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों और घटना की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *