
रायपुर/धरसीवां: राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहाँ कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते-खेलते हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 7 वर्षीय साक्षी साहू और 4 वर्षीय श्रवण धीवर के रूप में हुई है। दोनों बच्चे धरसीवां के कुर्रा इलाके के निवासी थे। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त दोनों मासूम बच्चे घर के पास ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर की प्राचीन बावड़ी के पास पहुंच गए और अचानक उसमें गिर गए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
हादसे की भनक लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची धरसीवां पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम (PM) के लिए मर्चुरी भेज दिया है।
फिलहाल, धरसीवां थाना पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खेलते समय यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।