भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग, शातिर मां-बेटे गिरफ्तार

Spread the love
भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग, शातिर मां-बेटे गिरफ्तार

भिलाई भट्ठी पुलिस की त्वरित कार्रवाई; 2.5 लाख की सोने की चेन व प्रयुक्त बाइक की बरामदगी

भिलाई: शहर में सुबह के वक्त मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताजनक मामला सामने आया है। शुक्रवार की सुबह भिलाई के सेक्टर-01 इलाके में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवारों ने ढ़ाई लाख रुपये कीमत की सोने की चेन पार कर दी। हालांकि, भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चंद घंटों के भीतर ही आरोपियों को धर दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी रिश्ते में सगे मां-बेटे हैं।

फूल तोड़ने के बहाने उलझाया, फिर मारी झपट्टा – प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (31 जुलाई 2026) सुबह करीब 6:10 बजे प्रार्थिया श्रीमती उमा देवी (उम्र लगभग 70 वर्ष) अपने निवास से कुछ दूरी पर स्थित सेक्टर 01, सड़क नंबर 02 पर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक महिला और पुरुष वहां पहुंचे। अज्ञात महिला ने प्रार्थिया के पास आकर उन्हें बातों में उलझाने का प्रयास किया और कहा, “लकड़ी से फूल तोड़ा करो।” इससे पहले कि बुजुर्ग महिला कुछ समझ पातीं, आरोपी महिला ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन (कीमत लगभग 2,50,000 रुपये) खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से तेजी से फरार हो गए।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना ने पहुंचाया आरोपियों तक घटना के तत्काल बाद भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला कायम किया और अज्ञात आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम को तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया।

आरोपी छावनी थाना क्षेत्र के निवासी पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान छावनी थाना (जिला दुर्ग) क्षेत्र के कैंप-1, शांतिपारा निवासी के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों में:

  • जी. गौतम (पिता – ईश्वर, उम्र 20 वर्ष)
  • जे. पार्वती (पति – ईश्वर, उम्र 48 वर्ष)

पुलिस अभिरक्षा में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस द्वारा फिलहाल आरोपियों के कब्जे से वारदात में लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *