
सूरजपुर। : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती थाना परिसर में स्थित रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती ने अपने प्रेमी को बुलाकर शादी कराने की मांग की, जिसके चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ और बयान लेने की प्रक्रिया कर रही थी। इसी दौरान युवती अचानक थाना परिसर से निकलकर रेडियो टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि युवती का आरोप था कि उसका प्रेमी उससे संपर्क नहीं कर रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इसी बात से नाराज होकर उसने पुलिस से प्रेमी को तत्काल बुलाने और दोनों की शादी कराने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन, गांव के सरपंच और उपसरपंच सहित कई ग्रामीण थाना परिसर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश दी और परिजनों की मदद से युवती को शांत कराया। बाद में उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक लिया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती सुरक्षित है और मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है। यह घटना सूरजपुर जिले के ब्लॉक मुख्यालय ओड़गी से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित चांदनी थाना क्षेत्र की है।