
दुर्ग। : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आए बहुचर्चित अवैध अफीम खेती मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जेवरा सिरसा थाना पुलिस ने घटना के 143 दिन बाद न्यायालय में 939 पन्नों का विस्तृत आरोप पत्र (चार्जशीट) प्रस्तुत किया है। मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, समोदा गांव में करीब 5.609 एकड़ भूमि पर मक्के की फसल की आड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और बड़े पैमाने पर अफीम की फसल जब्त की थी। जांच के दौरान पुलिस ने विकास विश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष ठाकुर सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं फरार आरोपी अचला राम और श्रवण विश्नोई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 3-3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
कार्रवाई के दौरान खेत से 66.33 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया था। इसके अलावा खेती में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रैक्टर, जेसीबी, हार्वेस्टर, स्प्रिंकलर सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे समेत कई उपकरण भी जब्त किए गए। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और पुलिस की संयुक्त जांच में खेत से करीब 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे पाए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार इन पौधों का कुल अनुमानित वजन लगभग 62 हजार किलोग्राम था।
मामले को अदालत में मजबूत तरीके से प्रस्तुत करने के लिए पुलिस ने विस्तृत साक्ष्य जुटाए हैं। चार्जशीट में पुलिस अधिकारियों, जवानों, वैज्ञानिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों सहित कुल 79 गवाहों को शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की सुनवाई अब न्यायालय में होगी, जहां अभियोजन पक्ष जुटाए गए साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अपना पक्ष रखेगा।