
‘युवा संगम’ फ़ेज़-VI के तहत छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली में की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात, ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति से मोहा मन
नई दिल्ली/भिलाई: ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ (EBSB) अभियान की प्रमुख पहल ‘युवा संगम’ (फ़ेज़-VI) के तहत छत्तीसगढ़ के युवा प्रतिनिधियों ने 11 जून 2026 को नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से विशेष मुलाकात की। देश के युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता और आपसी समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन आईआईटी (IIT) भिलाई और आईआईटी दिल्ली द्वारा किया गया था।
इनोवेशन और AI का करें इस्तेमाल युवा प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक बेहद प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से ‘जॉब सीकर’ (नौकरी खोजने वाले) के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ (नौकरी देने वाले) बनने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) कौशल विकसित करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का लाभ उठाते हुए ऐसे उत्पाद व सेवाएं तैयार करने का आग्रह किया, जो न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के काम आ सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित उच्च शिक्षा विभाग (शिक्षा मंत्रालय) के सचिव श्री विनीत जोशी ने भी युवाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें ज्ञान, इनोवेशन और बेहतरीन लीडरशिप के ज़रिए राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘अरपा पैरी के धार’ ने बांधा समां कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की छटा बिखेरी। युवाओं द्वारा प्रस्तुत शानदार छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य और राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” की भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों और प्रतिभागियों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।
साझा किए गए एक-दूसरे के राज्यों के अनुभव इस इंटरैक्टिव सत्र में दिल्ली और छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक-दूसरे के राज्य में बिताए अपने अनुभव भी साझा किए:
दिल्ली के प्रतिनिधियों का छत्तीसगढ़ अनुभव: दिल्ली के युवाओं ने छत्तीसगढ़ के राजभवन, भोरमदेव मंदिर, ऐतिहासिक स्थल सिरपुर, राजिम और भिलाई स्टील प्लांट के अपने दौरे को बेहद खास बताया और राज्य की मेहमाननवाज़ी व विकास की जमकर तारीफ की।
छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों का दिल्ली अनुभव: छत्तीसगढ़ के युवाओं ने दिल्ली के उप-राज्यपाल कार्यालय, राष्ट्रपति संग्रहालय, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, अक्षरधाम मंदिर और राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र के भ्रमण के अपने अनुभव साझा किए। साथ ही, मशहूर भारतीय एथलीट तेजस्विन शंकर और अन्य प्रेरणादायक हस्तियों से हुई अपनी बातचीत को यादगार बताया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली के डिप्टी डायरेक्टर (ऑपरेशन्स) प्रो. अरविंद के. नेमा, उच्च शिक्षा विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी श्री श्रेयांश मोहन, एआईसीटीई (AICTE) रेगुलेशन ब्यूरो के डायरेक्टर श्री नरेश कुमार ग्रोवर, शिक्षा मंत्री के सलाहकार श्री सुरेंद्र नाइक, आईआईटी दिल्ली की प्रो. यामा दीक्षित, आईआईटी भिलाई के नोडल ऑफिसर डॉ. कृष्ण मुरारी और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।