
66वें जन्मदिन पर किसानों और सहकारिता परिवार के साथ उपार्जन केंद्रों में करेंगे पूजा-अर्चना, सांसद विजय बघेल भी रहेंगे मौजूद
दुर्ग। प्रदेश में 15 नवंबर से शुरू होने जा रहे धान खरीदी महापर्व के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन अपने 66वें जन्मदिन पर धान खरीदी का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर को किसानों और सहकारिता परिवार के साथ मनाते हुए वे विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे धान उपार्जन केंद्र तिरगा तथा सुबह 9 बजे उपार्जन केंद्र निकुम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और किसानों की उपस्थिति में धान खरीदी का शुभारंभ किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी।
इसके पश्चात बेलचंदन दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल के साथ धान उपार्जन केंद्र उरला, झीट एवं सांकरा में भी खरीदी कार्य का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही बैंक शाखा भवन अमलेश्वर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
अपने जन्मदिन के अवसर पर किसानों के बीच पहुंचकर धान खरीदी की शुरुआत करना सहकारिता और किसान हित से जुड़े कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान सहकारिता विभाग एवं बैंक परिवार के सदस्यों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।