
दुर्ग, । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर जिला दुर्ग के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य शिविर, मधुमेह स्क्रीनिंग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन गया साथ ही स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल,अंजोरा में भी स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती टी.एम. पिल्लई की भी विशेष उपस्थिति रही।
इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम ‘मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई’ रखी गई है। इस थीम के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच, मधुमेह की पहचान, उपचार एवं नियमित फॉलोअप के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर टाइप-1 डायबिटीज की स्क्रीनिंग एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
स्क्रीनिंग के दौरान टाइप-1 डायबिटीज के संभावित लक्षणों एवं संदिग्ध मामलों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि टाइप-1 डायबिटीज के संदिग्ध बच्चों को आगे की जांच, निदान की पुष्टि एवं उचित उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित DEIC (District Early Intervention Centre) में रेफर किया जाए, ताकि बच्चों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में WHO की ओर से टाइप-2 डायबिटीज के लक्षण, बचाव एवं समय पर पहचान के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं, विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन (WJCF) द्वारा बच्चों एवं किशोरों में होने वाली टाइप-1 डायबिटीज, इसके लक्षण, शुरुआती पहचान, इंसुलिन उपचार एवं नियमित देखभाल के महत्व पर जानकारी साझा की गई। टाटा ट्रस्ट द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत किशोरों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी चाइल्ड हेल्थ डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, NCD नोडल अधिकारी डॉ. श्रवण दोनेरिया, BMO डॉ. देवेंद्र बेलचंदन, BPM राजेंद्र वर्मा (निकुम), DPM डॉ. भूमिका वर्मा, जिला NCD सलाहकार कविता चंद्राकर, संभागीय समन्वयक (WJCF) अनिरुद्ध भार्गव, WHO सलाहकार अतुल शुक्ला एवं टाटा ट्रस्ट की जिला समन्वयक स्वाति शेरपा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती पूजा साहू (उप स्वास्थ्य केंद्र थनौद) एवं श्री सहदेव टांडी (उप स्वास्थ्य केंद्र महमारा) की भी सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र छात्राओं एवं शिक्षक शिक्षिकाओं को संदेश दिया गया कि मधुमेह की समय पर जांच, नियमित उपचार, संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम को जीवनशैली में शामिल करके इसके दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है। साथ ही बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय पर स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।