
भिलाई। नगर निगम चुनाव से ठीक पहले नगर निगम की महत्वपूर्ण फाइलों के जलने की घटना को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. प्रदीप चौधरी ने गंभीर चिंता का विषय बताया है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
डॉ. चौधरी ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर निगम की फाइलें दुर्घटनावश जली हैं या उन्हें जानबूझकर जलाया गया है। जिन फाइलों के नष्ट होने की बात सामने आई है, उनमें कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और अन्य महत्वपूर्ण मामलों से जुड़े दस्तावेज होने की आशंका है। ऐसे में यह पता लगाना जरूरी है कि इन फाइलों में कौन-कौन से रिकॉर्ड मौजूद थे और उनके नष्ट होने से किसे लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि भिलाई की जनता को इस घटना की पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है। यदि किसी साजिश के तहत साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
डॉ. चौधरी ने मांग की कि जली हुई फाइलों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाए तथा डिजिटल रिकॉर्ड और बैकअप के माध्यम से नष्ट दस्तावेजों को पुनः प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। साथ ही जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता जनता के सामने आ सके।