
भव्य सजावट, 51 सवामणि और देशभर के प्रसिद्ध भजन कलाकार रहेंगे आकर्षण का केंद्र
रायपुर। राजा तालाब स्थित श्री रानी सती मंदिर में 10 एवं 11 सितंबर 2026 को 50वां भादों अमावस्या मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन होगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष किशोर डोलिया ने बताया कि 50वें भादों अमावस्या मेले को विशेष और यादगार बनाने के लिए मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट की जा रही है। कोलकाता से पहुंचे 21 अनुभवी कलाकार मंदिर को विशेष रूप से सजा रहे हैं। सजावट में करीब 51 हजार रुद्राक्ष के दाने, रंग-बिरंगी मौली, करीब 81 हजार सुनहरे एवं रजत रंग की मौली से तैयार आकृतियों के साथ लाल, पीले, नीले एवं सफेद रंग के स्टोन का प्रयोग किया जा रहा है। सजावटी कलाकृतियों को लाल एक्रेलिक शीट, रेशमी गोटे तथा कोलकाता के कुम्हारटोली की प्रसिद्ध चलचित्र कला से सजाया जा रहा है। दादी जी के मंडप को दक्षिण भारत की प्रसिद्ध मंदिर स्थापत्य शैली में विशेष स्वरूप दिया जा रहा है।
मंदिर परिसर स्थित अन्य देवालयों में भी विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। भगवान शिव के मंडप को ताजे फूलों एवं हरी पत्तियों से सजाया जा रहा है, जबकि थर्माकोल से भगवान शिव की आकर्षक आकृति तैयार की गई है। हनुमान जी के मंडप को रेशमी गोटों एवं ताजे पुष्पों से अलंकृत किया जा रहा है। दादी मां के पावन त्रिशूल का विशेष श्रृंगार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मेले के प्रथम दिवस 10 सितंबर को दादी जी को अर्पित की जाने वाली 51 सवामणि विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें बूंदी, चिड़वा का प्रसिद्ध पेड़ा, मौसमी फल एवं विभिन्न प्रकार के मेवों सहित अनेक प्रसाद सामग्री शामिल रहेगी। मंदिर समिति की देखरेख में सवामणी को विधि-विधानपूर्वक दादी जी को अर्पित किया जाएगा। पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
10 सितंबर को प्रातः 11 बजे पंचामृत स्नान एवं ध्यान, शाम 7 बजे दादी जी के श्रृंगार दर्शन और रात 8:30 बजे ज्योति पूजन होगा। रात 9 बजे से भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोलकाता के अभिषेक गर्ग एवं नामिश राजगढ़िया तथा अयोध्या के पप्पू सांवरिया एवं स्मृति कक्कड़ दादी जी के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। रात 1 बजे छप्पन भोग प्रसाद वितरण होगा। इसके बाद भजन उत्सव एवं प्रभाती आरती का आयोजन सुबह 4 बजे तक किया जाएगा
11 सितंबर को सुबह 7 बजे जात-धोक पूजन होगा। दोपहर 2 बजे से मंगल पाठ आयोजित किया जाएगा। शाम 5 बजे से भजन संध्या एवं भादों अमावस्या मेला प्रारंभ होगा। इसमें कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक पंकज शर्मा जोशी सहित अन्य कलाकार दादी जी के चरणों में भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। रात 9:30 बजे छप्पन भोग प्रसाद वितरण एवं महाआरती होगी।
मंदिर समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी कैलाश अग्रवाल ने बताया कि 50वें भादों अमावस्या मेले को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए दर्शन, पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण, पेयजल, सुरक्षा, यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है।
उन्होंने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से परिवार सहित मेले में शामिल होकर दादी जी के दर्शन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनने की अपील की। समिति ने दादी जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की है।