अनोखी आस्था: सतना के स्कूल में ‘लड्डू गोपाल’ का बाकायदा दाखिला, रजिस्टर में दर्ज हुआ नाम ‘श्याम पांडेय’

Spread the love
अनोखी आस्था: सतना के स्कूल में ‘लड्डू गोपाल’ का बाकायदा दाखिला, रजिस्टर में दर्ज हुआ नाम ‘श्याम पांडेय’

कक्षा दूसरी की छात्रा आयुषी मानती हैं छोटा भाई, साथ बैठकर पढ़ेंगे ‘लल्ला’

भाई के वृंदावन जाने के बाद उपजा अकेलापन, लड्डू गोपाल बने परिवार और बच्ची का सहारा

सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर से आस्था और बाल-सुलभ स्नेह का एक बेहद अनूठा मामला सामने आया है। यहां धवारी स्थित तक्षशिला मिडिल स्कूल में 8 वर्षीय छात्रा के साथ भगवान लड्डू गोपाल का भी औपचारिक दाखिला कराया गया है। स्कूल प्रबंधन ने बच्ची की भावना का सम्मान करते हुए छात्र उपस्थिति रजिस्टर में लड्डू गोपाल का नाम विधिवत ‘श्याम पांडेय’ के रूप में दर्ज किया है।

धवारी गली नंबर-1 निवासी नरेंद्र कुमार पांडेय और उनकी पत्नी रेखा पांडेय भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त हैं। उनकी 8 वर्षीय बेटी आयुषी इसी स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा है। आयुषी के लिए लड्डू गोपाल केवल पूजा-अर्चना की विग्रह मूर्ति नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई और ‘लल्ला’ हैं। वह दिन भर उन्हें अपने साथ रखती है, खुद खाना खिलाती है और अपने साथ ही सुलाती है।

अकेलेपन से उपजा अटूट रिश्ता परिजनों के अनुसार, आयुषी का बड़ा भाई अभिषेक पढ़ाई के सिलसिले में कुछ समय पहले वृंदावन चला गया था। बड़े भाई के दूर जाने से आयुषी घर में काफी अकेली और उदास रहने लगी थी। बच्ची की उदासी दूर करने के लिए मां रेखा ने उसे लड्डू गोपाल की सेवा करने और उन्हें अपना छोटा भाई मानने की सलाह दी। इसके बाद आयुषी का लड्डू गोपाल के प्रति लगाव इतना गहरा हो गया कि वह उन्हें एक पल के लिए भी खुद से अलग नहीं करना चाहती।

अब स्कूल में भी साथ बैठेंगे दोनों आयुषी की जिद थी कि जब वह स्कूल जाए, तो उसका छोटा भाई ‘लल्ला’ भी उसके साथ ही रहे। बच्ची के इस निश्छल प्रेम और परिवार के भक्तिभाव को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने भी सहर्ष सहमति दे दी और ‘श्याम पांडेय’ के नाम से एडमिशन की औपचारिकता पूरी कर ली। अब आयुषी हर दिन अपने लड्डू गोपाल को गोद में लेकर बस्ते के साथ स्कूल पहुंचती है और दोनों क्लास में एक साथ बैठकर पढ़ाई करते हैं, जो पूरे क्षेत्र में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *