फाइटर प्लेन उड़ाने वाले मंदिर में क्या उड़ाएंगे’: राम मंदिर के नए CEO की नियुक्ति पर दिग्विजय सिंह का तंज

Spread the love
फाइटर प्लेन उड़ाने वाले मंदिर में क्या उड़ाएंगे’: राम मंदिर के नए CEO की नियुक्ति पर दिग्विजय सिंह का तंज

रीवा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार और ट्रस्ट प्रबंधन पर कड़ा हमला बोला है। रीवा प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को राम मंदिर का सीईओ बनाए जाने पर तीखा तंज कसा।

दिग्विजय सिंह ने कहा, “जितेंद्र मिश्र को फाइटर प्लेन उड़ाने का अनुभव है, वे मंदिर में क्या उड़ाएंगे?” उन्होंने तर्क दिया कि इतने बड़े और संवेदनशील धार्मिक स्थल की प्रशासनिक कमान किसी ऐसे व्यक्ति को मिलनी चाहिए थी, जिसके पास व्यापक प्रशासनिक अनुभव हो। पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, यह जिम्मेदारी किसी सेवानिवृत्त चीफ सेक्रेटरी या कैबिनेट सेक्रेटरी स्तर के अनुभवी अधिकारी को सौंपी जानी चाहिए थी।

चंपत राय को बचाने का लगाया आरोप राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर लगे कथित चंदा चोरी के आरोपों को उठाते हुए दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरे रहे विनय कटियार खुद इस मामले में चंपत राय की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर सरकार को मेरी बात पर भरोसा नहीं है, तो कम से कम अपने ही वरिष्ठ नेता विनय कटियार की बात तो माननी चाहिए। इसके बावजूद सरकार चंपत राय को बचाने में क्यों लगी है?”

‘नर्मदा परिक्रमा की है, अब उज्जैन से निकालेंगे यात्रा’ भाजपा नेताओं द्वारा खुद पर ‘अधार्मिक’ होने के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने 3000 किलोमीटर से अधिक की कठिन नर्मदा परिक्रमा पैदल पूरी की है, इसलिए उन्हें किसी से धर्म का प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि वे राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी के खिलाफ जन-जागरण के लिए जल्द ही उज्जैन से एक नई पदयात्रा शुरू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *