वृंदा नगर स्कूल हादसे पर AAP का सरकार पर हमला, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Spread the love
वृंदा नगर स्कूल हादसे पर AAP का सरकार पर हमला, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

दुर्ग। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के वृंदा नगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बारिश के दौरान कक्षा की छत गिरने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि यह घटना कोई अपवाद नहीं, बल्कि पूरे दुर्ग जिले की जर्जर शिक्षा व्यवस्था की हकीकत है।प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पार्टी के प्रदेश महासचिव वदूद आलम ने कहा कि सरकारी स्कूलों में जर्जर भवन, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण बच्चों की सुरक्षा खतरे में है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार केवल कागजों तक सीमित होकर रह गया है।पार्टी के अनुसार, दुर्ग जिले में करीब 2,200 सरकारी विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 159 भवन जर्जर और 80 भवन पूरी तरह कंडम घोषित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद नए शिक्षा सत्र से पहले आवश्यक मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य नहीं कराया गया।वैशाली नगर विधानसभा संगठन मंत्री बलविंदर सिंह ने बताया कि वृंदा नगर शासकीय प्राथमिक शाला का तत्काल पुनर्निर्माण किया जाए। साथ ही जिले के सभी जर्जर एवं कंडम स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण और मरम्मत की समयबद्ध योजना सार्वजनिक की जाए, शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती हो तथा स्कूल परिसरों में साफ-सफाई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। इस दौरान सीमा गुप्ता एवं धर्मेंद्र चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

वहीं, कार्यकारी जिलाध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सरकार ने ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की तो आम आदमी पार्टी विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों के साथ मिलकर दुर्ग से राज्यव्यापी जनआंदोलन शुरू करेगी।

पार्टी ने प्रदेश सरकार से स्कूल भवनों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था पर श्वेतपत्र जारी करने की भी मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *