पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में छात्र परिषद् एवं हाउस कैबिनेट का गठन, अलंकरण समारोह में छात्र नेताओं ने ली शपथ

Spread the love
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में छात्र परिषद् एवं हाउस कैबिनेट का गठन, अलंकरण समारोह में छात्र नेताओं ने ली शपथ

दुर्ग। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद् एवं विभिन्न हाउसों की छात्र कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित अलंकरण समारोह में छात्र-छात्राओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें नेतृत्व, अनुशासन, सेवा-भाव और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा बड़ा ने कहा कि छात्र परिषद् केवल पद प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त मंच है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

इस अवसर पर शिक्षक संजय चतुर्वेदी, संजीव भदौरिया एवं महेंद्र कुमार बोरकर सहित अन्य शिक्षकों ने भी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सेवा-भाव, सहयोग और अनुशासन के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

विद्यालय स्तर पर मोहित सिंह एवं ऋतिमा महाला को स्कूल कैप्टन, चिरंतन साहू एवं अदिति उपाध्याय को स्कूल वाइस कैप्टन, आरुष कमल एवं शृष्टि साहू को सीसीए कैप्टन तथा अन्य छात्र-छात्राओं को खेल, प्रकाशन और अनुशासन से जुड़े विभिन्न दायित्व सौंपे गए। छात्र परिषद् के सफल संचालन के लिए शिक्षकों की एक समिति का भी गठन किया गया।

इसी तरह विद्यालय के शिवाजी, टैगोर, अशोका और रमन हाउस के लिए भी हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, सीसीए कैप्टन एवं स्पोर्ट्स कैप्टन सहित विभिन्न पदों पर छात्र-छात्राओं की नियुक्ति की गई। प्रत्येक हाउस के लिए हाउस मास्टर एवं एसोसिएट हाउस मास्टर भी नियुक्त किए गए, जो विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

समारोह के समापन पर स्कूल कैप्टन के नेतृत्व में छात्र परिषद् एवं हाउस कैबिनेट के सभी नव-निर्वाचित सदस्यों ने विद्यालय के उच्च आदर्शों, अनुशासन, मर्यादा, सेवा-भाव और कर्तव्यनिष्ठा का पालन करने की शपथ ली।

विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि नवगठित छात्र परिषद् एवं हाउस कार्यकारिणी अपने नेतृत्व कौशल, अनुशासन और समर्पण से विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों को नई दिशा देने के साथ अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *