फसल सुरक्षा के नाम पर 22 से अधिक बंदरों की गोली मारकर हत्या का आरोप

Spread the love
फसल सुरक्षा के नाम पर 22 से अधिक बंदरों की गोली मारकर हत्या का आरोप

देवगांव (डोकरबेला) में घटना से मचा हड़कंप, पुलिस और वन विभाग जांच में जुटे

बेमेतरा। जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगांव (डोकरबेला) में बंदरों की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक-दो नहीं बल्कि 22 से अधिक बंदरों को गोली मारकर मौत के घाट उतारे जाने का आरोप है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


ग्रामीणों के अनुसार, गांव में फसलों की सुरक्षा और देखरेख के लिए रखवार (चौकीदार) नियुक्त किए गए थे। आरोप है कि फसल को बंदरों से बचाने के नाम पर रखवारों ने कथित तौर पर बंदरों को गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और जीव प्रेमियों में आक्रोश है।


ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर बंदरों की मौत के जिम्मेदार लोगों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों की इस तरह हत्या किए जाने की घटना गंभीर है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


मामला सामने आने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर बंदरों की मौत के कारणों, घटना में प्रयुक्त हथियार तथा जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *