
रायपुर। छत्तीसगढ़ यादव ठेठवार समाज राजिम महासभा के चुनाव में संतोष यदु ने 194 वोट हासिल कर 86 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। विजय के बाद संतोष यदु ने इसका श्रेय समाज के लोगों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद को दिया।
संतोष यदु, पिता स्वर्गीय निर्भय यदु, का जीवन संघर्ष और समाजसेवा से जुड़ा रहा है। ग्राम मुजगहन में जन्मे संतोष यदु छह वर्ष की उम्र में ग्राम सलोनी आ गए थे। किसान परिवार से आने वाले संतोष यदु ने दूध बेचने और खेती-किसानी के साथ जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने जनसेवा के क्षेत्र में कदम रखा।
ग्राम पंचायत कोलर पार क्षेत्र में वे तीन बार निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए। ग्राम स्तर पर नेतृत्व करते हुए उन्होंने क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद वे यादव ठेठवार समाज रायपुर राज के अध्यक्ष निर्वाचित हुए और वर्तमान में भी इस पद पर समाज की सेवा कर रहे हैं।
मिलनसार व्यवहार से बनाई पहचान
संतोष यदु के समर्थकों के अनुसार, उनका सहज और मिलनसार व्यवहार तथा समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागिता उनकी प्रमुख पहचान रही है। सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और विभिन्न वर्गों के लोगों से संपर्क को उनकी चुनावी सफलता का प्रमुख आधार बताया जा रहा है। राजिम महासभा चुनाव में 86 वोटों की बढ़त के साथ मिली जीत को समाज में उनके प्रति समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
यह मेरी नहीं, पूरे समाज की जीत’
जीत के बाद संतोष यदु ने कहा कि चुनाव के दौरान समाज के लोगों से लगातार समर्थन और सहयोग मिला। उन्होंने कहा, “यह जीत मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है। मैं इस विजय का श्रेय समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और अपना आशीर्वाद दिया।”
उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। चुनाव के बाद सभी प्रत्याशी समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी प्रत्याशियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
संतोष यदु ने कहा कि अब उनकी प्राथमिकता समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना, सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करना है। उन्होंने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास पर भी जोर दिया।
चुनाव तक प्रतिस्पर्धा, चुनाव के बाद एकता के संदेश के साथ संतोष यदु ने समाज के सभी लोगों से मिल-जुलकर आगे बढ़ने की अपील की।