
दुर्ग। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के धनोरा में मोटरसाइकिल सवार दूध विक्रेता से सोने का लॉकेट झपटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी किया गया सोने का लॉकेट और वारदात में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
30 सितंबर 2026 को नेवई निवासी 60 वर्षीय बीर सिंह धनोरा क्षेत्र में दूध बांटने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। द मार्क होटल के पास दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें रोका। इनमें से एक आरोपी उनकी मोटरसाइकिल पर पीछे बैठ गया। कुछ दूरी आगे जाने के बाद पीछे बैठे आरोपी ने उनके गले से सोने का लॉकेट झपट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर पदमनाभपुर थाने में अपराध क्रमांक 613/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने उपलब्ध सुरागों और पूछताछ के आधार पर राहुल सोनी (45) निवासी गंजपारा, उत्कल कॉलोनी, दुर्ग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन नागेश (27) के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर करीब 18 हजार रुपये कीमत का सोने का लॉकेट और घटना में इस्तेमाल की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BW 7730 जब्त की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रास्ते में पीड़ित को रोककर एक आरोपी के पीछे बैठने का बहाना बनाया और मौका मिलते ही गले से लॉकेट झपटकर फरार हो गए।