नकली सोने के जेवरात गिरवी रख 8.25 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love
नकली सोने के जेवरात गिरवी रख 8.25 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू टीम ने नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर 8.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 84.880 ग्राम वजनी नकली सोने के जेवरात बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

4 अक्टूबर को भोईपारा निवासी पवन कुमार जैन (37) ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 और 30 सितंबर को एक महिला और एक पुरुष ने 84.880 ग्राम वजनी सोने के जेवरात बताकर उन्हें गिरवी रखा और बदले में कुल 8.25 लाख रुपये नकद प्राप्त किए। बाद में जांच में जेवरात नकली पाए गए।


शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए रमेश कुमार (35), निवासी शिवानंद नगर रायपुर और मीनाक्षी बाघ (39), निवासी कादम्बरी नगर दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने नकली जेवरात उपलब्ध कराने वाले राजेश अग्रवाल (45), निवासी कबीर नगर रायपुर की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार किया।

नकली जेवरात को असली बताकर गिरवी रखा
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नकली सोने के आभूषणों को वास्तविक सोने के जेवरात के रूप में प्रस्तुत किया और उन्हें गिरवी रखकर नगद राशि प्राप्त की। मामले की विवेचना के दौरान नकली जेवरात उपलब्ध कराने वाले आरोपी तक पुलिस पहुंची।
पुलिस ने आरोपियों से चार मोबाइल फोन और 84.880 ग्राम नकली सोने के जेवरात जब्त किए हैं। घटना सहेली आर्म्स, श्री शिवम मॉल, दुर्ग में हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *