भिलाई: एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन ने मनाई छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती, सेवानिवृत्त श्रमवीरों का किया सम्मान

Spread the love
भिलाई: एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन ने मनाई छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती, सेवानिवृत्त श्रमवीरों का किया सम्मान

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन (प. क्र-6976) द्वारा भारत में आरक्षण के जनक माने जाने वाले राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई गई। सेक्टर-6 स्थित डॉ. अम्बेडकर प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस समारोह में कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग से जून माह में सेवानिवृत्त हो रहे अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के श्रमवीरों का भव्य सम्मान भी किया गया।


​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्गापुर स्टील प्लांट के कार्यपालक निदेशक श्री बी. एल. चंदवानी उपस्थित थे, जबकि अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कोमल प्रसाद ने की।

समाज के उत्थान में महापुरुषों का योगदान अहम:

बी.एल. चंदवानी समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री बी.एल. चंदवानी ने कहा कि बहुजन समाज में ऐसे कई महापुरुष हुए हैं जिन्होंने आजीवन समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने ही वर्ष 1902 में कोल्हापुर रियासत में पिछड़ी जातियों एवं दलितों के लिए सरकारी नौकरियों और शिक्षा में 50 प्रतिशत के ऐतिहासिक आरक्षण की शुरुआत की थी।


​श्रमिकों की मेहनत से बन रहे उत्पादन के रिकॉर्ड
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री कोमल प्रसाद ने भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों और अधिकारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं श्रमवीरों के बदौलत बीएसपी लगातार उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की। वहीं, विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय बौद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दशरथ प्रसाद अहिरवार ने बताया कि शाहूजी महाराज ने डॉ. बी.आर. अम्बेडकर को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक मदद की थी। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपनी जीवन भर की पूंजी का सही जगह निवेश करने की महत्वपूर्ण सलाह भी दी।

समारोह में कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के सेवानिवृत्त हो रहे श्रमवीरों— महाप्रबंधक झगर सिंह, इंजीनियरिंग एसोसिएट बाबू सिंह, इंजीनियरिंग एसोसिएट अर्जुन सिंह ठाकुर और जूनियर इंजीनियर सुन्हेर राम ठाकुर को एसोसिएशन की ओर से पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल, पत्रिका ‘नया सवेरा’, शुभकामना पत्रक और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रमवीरों की धर्मपत्नियों का भी पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।


​कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव विजय कुमार रात्रे ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यकारिणी सदस्य धनंजय मेश्राम ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार, जोनल सचिव कालीदास बघेल, हेमंत भुआर्य, लेखराम घरेंन्द्र सहित तथागत समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल साखरे, मेघनाथ जांगड़े, हेमचंद करें, रवीन्द्र ठाकुर, सालिक राम ध्रुव, चिमन लाल तारम, जगत राम रावटे और फगन राम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *