
भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने ग्राम गनियारी स्थित एक मकान में संचालित जुए के बड़े अड्डे पर छापामार कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को दांव लगाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 82 हजार रुपये से अधिक की नगदी और अन्य सामान मिलाकर कुल 5.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार (27 जून) की रात पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी (भिलाई-3) में बड़कू दाऊ की बाड़ी में बने मकान के अंदर कुछ लोग रुपयों का बड़ा दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अड्डे की घेराबंदी की और अचानक दबिश दी, जिससे जुआरियों में हड़कंप मच गया।
1.82 लाख नगद, मोबाइल और बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए दबोच लिया। पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से 1,82,670 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 5 लाख 20 हजार 170 रुपये आंका गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 327/2026 दर्ज कर, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 5 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
पुलिस की इस कार्रवाई में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है:
तुंगत चंद्राकर (35 वर्ष), निवासी सिरसा कला
केवल चंद्राकर (29 वर्ष), निवासी गुड़ी परछी, सिरसा कला
शिवम वर्मा (25 वर्ष), निवासी सिरसा कला
प्रवीण देवांगन (24 वर्ष), निवासी हनुमान मंदिर के पास, सिरसा कला
प्रकाश चंद्राकर (41 वर्ष), निवासी गायत्री मंदिर के पास, सिरसा कला
चिराग चंद्राकर (25 वर्ष), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, भिलाई-3
ताकेश्वर साहू (41 वर्ष), निवासी पाटन पुल के पास, उतई
कुल्लू साहू (23 वर्ष), निवासी गांधी चौक, उतई