करोड़ों के स्क्रैप घोटाले में बड़ी कार्रवाई: सुरक्षा में सेंधमारी पर CISF के 7 जवान निलंबित, फ्लू डस्ट की आड़ में पार हो रहा था कीमती लोहा, BSP महाप्रबंधक समेत अब तक 16 गिरफ्तार

Spread the love
करोड़ों के स्क्रैप घोटाले में बड़ी कार्रवाई: सुरक्षा में सेंधमारी पर CISF के 7 जवान निलंबित, फ्लू डस्ट की आड़ में पार हो रहा था कीमती लोहा, BSP महाप्रबंधक समेत अब तक 16 गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में हुए करोड़ों रुपये के बहुचर्चित स्क्रैप (कबाड़) चोरी मामले में एक और बड़ी गाज गिरी है। प्लांट की सुरक्षा में भारी चूक और घोर लापरवाही बरतने के आरोप में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के 7 जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


​फ्लू डस्ट की आड़ में चल रहा था बड़ा खेल
इस हाई-प्रोफाइल घोटाले में शातिर अपराधियों ने प्लांट के भीतर से ‘फ्लू डस्ट’ (अपशिष्ट/राख) निकालने की आड़ में कीमती स्टील और लोहे का भारी मात्रा में स्क्रैप बाहर भेजा। प्लांट की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ट्रकों में भरकर कीमती लोहा बाहर निकल जाना सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा था। इसी मामले में प्रारंभिक जांच के बाद ड्यूटी पर तैनात जवानों की संलिप्तता या लापरवाही सामने आने पर निलंबन की यह बड़ी कार्रवाई की गई है।


​अब तक 16 गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति जब्त
पुलिस और जांच एजेंसियों की रडार पर इस नेक्सस से जुड़े कई लोग हैं। अब तक इस महाघोटाले में बीएसपी के एक महाप्रबंधक (जीएम) स्तर के अधिकारी समेत 16 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच टीमों ने आरोपियों के पास से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति और बेशकीमती सामान भी जब्त किया है।

मामले की जांच अभी भी तेजी से जारी है। पुलिस कबाड़ माफियाओं और विभागीय अधिकारियों के बीच के पूरे सिंडिकेट को खंगाल रही है। सूत्रों की मानें तो इस चोरी के तार कई बड़े रसूखदारों से जुड़े हो सकते हैं। आने वाले दिनों में जांच के दायरे में कुछ और अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के नाम सामने आने की पूरी संभावना है, जिन पर जल्द ही कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *