
दुर्ग। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने दुर्ग में विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, विभाग में कार्यरत एक बाबू ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने जीपीएफ (GPF) से करीब 5 लाख रुपये निकालने का आवेदन दिया था। आरोप है कि राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। मामले में विस्तृत जानकारी एसीबी की आधिकारिक पुष्टि के बाद सामने आएगी।