
भिलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर समभाव सामाजिक समिति, भिलाई द्वारा सेक्टर-9 स्थित जेएलएन अस्पताल (भिलाई इस्पात संयंत्र) के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 31 वरिष्ठ चिकित्सकों को स्मृति-चिह्न, उपहार, पुष्पगुच्छ एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सेक्टर-9 अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार, समिति के संस्थापक-संरक्षक विमान भट्टाचार्य एवं श्रीमती बीना भट्टाचार्य रहे। सभी अतिथियों एवं समिति के सदस्यों ने चिकित्सकों का सम्मान कर समाज के प्रति उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम से पूर्व समिति के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रिज़वी के नेहरू नगर स्थित निवास पहुंचकर उनका भी सम्मान किया। समारोह का संचालन समाजसेवी एवं मंच संचालिका सुमन कनौजे ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महान चिकित्सक डॉ. विधान चंद्र राय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
समिति के अध्यक्ष पिलेश कुमार ने स्वागत उद्बोधन में समिति की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के 24 चिकित्सकों सहित विभिन्न अस्पतालों के सात अन्य चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सेक्टर-9 अस्पताल, शासकीय चिकित्सालय दुर्ग, स्पर्श हॉस्पिटल भिलाई, श्री नारायणा हॉस्पिटल रायपुर सहित अन्य संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल रहे।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बड़ी संख्या मौजूद रही। आयोजन में सुनीता पाण्डेय का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर ‘आवाज़-24 न्यूज़’ के संवाददाता पार्थजीत पाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार सहित अन्य अतिथियों का साक्षात्कार भी लिया। डॉ. उदय कुमार ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा और मानवीय संवेदनाओं से समाज में आशा और विश्वास का संचार करते हैं। उनका सम्मान करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में समभाव सामाजिक समिति के सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि-साहित्यकार गोविंद पाल ने सभी सम्मानित चिकित्सकों, अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार के सहयोग के लिए समिति की ओर से विशेष धन्यवाद भी ज्ञापित किया।