दुर्ग में जिस्मफरोशी के बड़े अड्डे का भंडाफोड़: जलाराम रेस्टोरेंट पर पुलिस का छापा, संचालक दो भाइयों सहित 7 गिरफ्तार

Spread the love
दुर्ग में जिस्मफरोशी के बड़े अड्डे का भंडाफोड़: जलाराम रेस्टोरेंट पर पुलिस का छापा, संचालक दो भाइयों सहित 7 गिरफ्तार

मौके से 3 युवतियां और 2 ग्राहक भी पकड़ाए, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप।

दुर्ग । शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े अड्डे का पर्दाफाश किया है। यहां जलाराम रेस्टोरेंट की आड़ में लंबे समय से अवैध सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। पुलिस की विशेष टीम ने औचक छापेमारी कर मौके से तीन युवतियों, दो ग्राहकों और इस पूरे रैकेट को चलाने वाले रेस्टोरेंट संचालक दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।


​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को पिछले कुछ समय से स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जलाराम रेस्टोरेंट में असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है और वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, दुर्ग के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) हर्षित मेहर के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया।

सीएसपी हर्षित मेहर के निर्देशन में पुलिस टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर रेस्टोरेंट की रेकी की और उसके बाद अचानक दबिश दी। अचानक हुई इस पुलिस कार्रवाई से रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कमरों की तलाशी के दौरान 3 युवतियों और 2 ग्राहकों को संदिग्ध अवस्था में धर दबोचा। पूछताछ में यह साफ हुआ कि रेस्टोरेंट के संचालक (दो सगे भाई) ही बाहर से लड़कियों को बुलाकर यहां ग्राहकों को उपलब्ध कराते थे और जिस्मफरोशी का यह पूरा नेटवर्क चला रहे थे।


​मामला दर्ज, जांच जारी
सिटी कोतवाली पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ देह व्यापार निवारण अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं और इसमें अन्य किन लोगों की संलिप्तता है।


​शहर के बीचों-बीच रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे इस अवैध सेक्स रैकेट के भंडाफोड़ होने से क्षेत्र के अन्य अवैध कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ऐसे अवैध कार्यों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *