एससी/एसटी अधिकारियों के खराब ग्रेडिंग को लेकर बीएसपी प्रबंधन सौंपे ज्ञापन

Spread the love
एससी/एसटी अधिकारियों के खराब ग्रेडिंग को लेकर बीएसपी प्रबंधन सौंपे ज्ञापन

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिकारियों को कथित रूप से खराब ग्रेडिंग दिए जाने के मुद्दे पर भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन (पंजीयन क्रमांक-6976) ने प्रबंधन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक संबंध विभाग के अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की हॉट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों में कार्यरत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अधिकारी दिन-रात मेहनत कर उत्पादन को नए रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसके बावजूद उन्हें उनकी कार्यक्षमता और प्रदर्शन के अनुरूप ग्रेडिंग नहीं दिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

उन्होंने बताया कि संयंत्र के विभिन्न विभागों से एससी/एसटी अधिकारियों द्वारा एसोसिएशन के पास शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। अधिकारियों का आरोप है कि ग्रेडिंग प्रक्रिया में कथित भेदभाव किया गया है, जिससे वे मानसिक रूप से हतोत्साहित हुए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि खराब ग्रेडिंग भविष्य में अधिकारियों की पदोन्नति में बाधा बनती है और उन्हें समय पर प्रमोशन से वंचित होना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक संबंध विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन, आईआर एवं सीएलसी) राहुल थोटे को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मान कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) तथा लायजन ऑफिसर (अनुसूचित जाति एवं जनजाति) को भी ज्ञापन की प्रतिलिपि दी गई।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद, महासचिव विजय कुमार रात्रे तथा कार्यकारिणी सदस्य धनंजय मेश्राम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *