
120 साल पुराने प्रशासनिक भवन की जगह लेगा आधुनिक परिसर, आईटी सेक्टर में युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
दुर्ग सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगातें दी हैं। अपने दुर्ग प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में लगभग 737 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए दुर्ग मुख्यालय में ‘नवीन कम्पोजिट जिला कार्यालय भवन’ के निर्माण की बड़ी घोषणा की। साथ ही, युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक ‘आईटी पार्क’ का भी लोकार्पण किया।
एक ही छत के नीचे होंगे सभी विभाग -कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रशासनिक सेवाओं को जनता के लिए अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण आवश्यक है। इसी उद्देश्य से दुर्ग में नए कम्पोजिट जिला मुख्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे।
सुशासन तिहार के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल योजनाओं की समीक्षा का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान तक पहुंचने का अभियान है। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
120 साल पुराने भवन की लेगा जगह– इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि लगभग 120 वर्ष पुराने जिला प्रशासनिक भवन की जगह अब यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया कम्पोजिट भवन निर्मित होगा। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी शासकीय सेवाएं मिल सकेंगी और उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मंत्री श्री यादव ने कहा कि यह भवन आने वाले वर्षों में सुगम प्रशासन और आधुनिक शासन व्यवस्था का केंद्र बनेगा।
दुर्ग बनेगा प्रदेश का प्रमुख आईटी हब -दुर्ग जिले को डिजिटल क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने आईटी पार्क का भव्य लोकार्पण किया। श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनके ही जिले में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह परियोजना आत्मनिर्भर युवाशक्ति के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह आईटी पार्क दुर्ग और आसपास के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा। यहां स्टार्टअप, तकनीकी नवाचार, डिजिटल सेवाओं और आधुनिक उद्योगों के लिए बेहतरीन अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
इस गरिमामय आयोजन में जिले के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।