
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में CBSE से संबद्ध निजी स्कूलों में NCERT की जगह निजी प्रकाशकों की किताबें संचालित किए जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दिनेश कुमार झा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के कई निजी स्कूलों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि CBSE के नियमों के अनुरूप केवल NCERT की पाठ्यपुस्तकें ही विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएं।
जानकारी के अनुसार, अभिभावक संघ की शिकायत के बाद DEO ने करीब चार माह पहले कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल (OPS), न्यू डीपीएस सरगवां, मोंटफोर्ट स्कूल, बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य CBSE मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया था।
नोटिस के बाद कई निजी स्कूलों ने अभिभावकों की सहमति का हवाला देते हुए निजी प्रकाशकों की किताबें जारी रखने का पक्ष रखा। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में CBSE के दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है और स्कूलों को NCERT की किताबें ही संचालित करनी होंगी।
इसके बावजूद कई निजी स्कूलों द्वारा आदेश की अनदेखी कर मनमाने ढंग से निजी प्रकाशनों की किताबें चलाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस मामले में शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर अब अभिभावकों और शिक्षा जगत की नजरें टिकी हुई हैं।