
कोरबा/– -कोरबा जिले में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पाली नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण अब वन्यजीव भी प्रभावित हो रहे हैं।
पाली क्षेत्र के नौकोनिया तालाब किनारे लगे पेड़ों में बड़ी संख्या में चमगादड़ों का बसेरा है। बताया जा रहा है कि यहां सालभर सैकड़ों चमगादड़ रहते हैं, लेकिन इस बार तेज गर्मी उनके लिए आफत बन गई है।स्थानीय लोगों के मुताबिक चमगादड़ पेड़ों से पके फलों की तरह नीचे गिर रहे हैं। अब तक 50 से अधिक चमगादड़ों की मौत हो चुकी है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बड़ी संख्या में चमगादड़ों के मृत पाए जाने की पुष्टि की। अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक तापमान और गर्म हवाओं की वजह से चमगादड़ों की मौत हो रही है।
पाली क्षेत्र में तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित है।विशेषज्ञों का मानना है कि हर साल आने वाले प्रवासी चमगादड़ों के लिए इस बार का मौसम बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
भीषण गर्मी का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु-पक्षियों का जीवन भी संकट में आ गया है। पानी और छांव की कमी के कारण वन्यजीवों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से वन्यजीवों के संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।