
भिलाई/दुर्ग: दुर्ग जिले के नेहरू नगर (जुनवानी) स्थित चौहान ऑटोमोबाइल्स (मारुति सुजुकी एरिना) शोरूम में उस वक्त भारी हंगामा मच गया, जब वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों ने शोरूम के सीईओ (जीएम) अंकित आनंद पर यौन उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए। आक्रोशित एक महिला कर्मचारी ने शोरूम के अंदर ही सीईओ पर स्याही फेंक दी और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरेआम फेंकी स्याही और की पिटाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सीईओ लंबे समय से महिला कर्मचारियों को परेशान कर रहा था। उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला कर्मचारी का गुस्सा फूट पड़ा। उसने शोरूम के भीतर ही आरोपी अंकित आनंद पर पहले स्याही उड़ेली और फिर थप्पड़ व लात मारते हुए अपना कड़ा विरोध जताया। इस घटना के बाद शोरूम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य कर्मचारी भी वहां जमा हो गए।
अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जुनवानी स्थित चौहान ऑटोमोबाइल में जीएम (सीईओ) के पद पर कार्यरत अंकित आनंद के खिलाफ महिला कर्मचारी अमृता सिंह ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी अधिकारी उसे लगातार अभद्र और अश्लील मैसेज भेजता था तथा उसके साथ छेड़छाड़ करता था।
अन्य महिला कर्मचारी भी आईं सामने
एक महिला के हिम्मत दिखाने के बाद शोरूम में काम करने वाली 3-4 अन्य महिला कर्मचारियों ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने भी सामने आकर आरोपी अंकित आनंद पर इसी तरह के अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। शुरुआती जांच में यह बात स्पष्ट हुई है कि आरोपी आदतन अन्य महिला कर्मचारियों के साथ भी ऐसा ही आपत्तिजनक व्यवहार करता था।
मामले की गंभीरता और महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए सुपेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी सीईओ को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, “महिला की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पूरे प्रकरण की जांच सीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और अन्य पीड़ित महिलाओं के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।”