
एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रस्तुत किया लक्ष्य गीत, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का लिया संदेश
दुर्ग। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह में मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. आलोक भट्ट, कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र कुमार स्वर्णकार, डायरेक्टर डॉ. आर.पी. अग्रवाल, डीन-एकेडमिक डॉ. अजय कुमार सिंह तथा डीन-एजुकेशन डॉ. मनोज कुमार मौर्या विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने एनएसएस लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया, जिससे समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण हो गया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने एनएसएस के मूल मंत्र ‘मैं नहीं, बल्कि आप’ (Not Me But You) को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के आयोजन में श्री रोशन नोनहारे, श्री निखिल देव प्रसाद, श्री रजत आनंद, श्री वीरेंद्र वैष्णव, सुश्री प्रियंका सिन्हा एवं सुश्री योगिता सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।