
- “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण, बोले- भूजल स्तर का नियमित मापन करें अधिकारी
स्कूलों में स्वच्छता और शौचालयों की स्थिति सुधारने के कड़े निर्देश, ड्रॉपआउट बच्चों के लिए विशेष पहल की बात कही
दुर्ग, । राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में ब्लॉक स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। राज्यपाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर योजनाओं के क्रियान्वयन का वास्तविक फीडबैक लें।
बैठक से पूर्व राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
जल संरक्षण के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह
राज्यपाल ने जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कहा कि केवल संरचनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, उनका प्रभाव भी दिखना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले (प्री-मानसून) और मानसून के बाद (पोस्ट-मानसून) भूजल स्तर का अनिवार्य रूप से मापन करें। इससे सोखपीट और अन्य जल संवर्धन कार्यों के वास्तविक प्रभाव का आंकलन किया जा सकेगा
कृषि में नवाचार: हाइड्रोपोनिक्स और जैविक खेती
किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण बचाने के लिए राज्यपाल ने जैविक खेती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धान की अधिक खेती से पानी की खपत बढ़ती है, इसलिए किसानों को कम पानी वाली फसलों और आधुनिक तकनीक जैसे ‘हाइड्रोपोनिक्स’ (बिना मिट्टी के खेती) के लिए प्रोत्साहित करें। बैठक में बताया गया कि जिले में ‘नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग’ के तहत 500 किसान जैविक खेती से जुड़ चुके हैं।
शिक्षा और स्वच्छता: शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश
स्कूली शिक्षा की समीक्षा करते हुए श्री डेका ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में शौचालय न केवल उपलब्ध हों, बल्कि वे उपयोग के लायक और साफ-सुथरे भी हों। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि ड्रॉपआउट बच्चों के अभिभावकों के साथ बैठकें करें और सफल पूर्व छात्रों को स्कूलों में बुलाकर वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरित करें।
स्वास्थ्य और समाज कल्याण
राज्यपाल ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए 92% सफलता दर और वृद्धों के मोतियाबिंद ऑपरेशन की पहल की सराहना की। उन्होंने योग को बढ़ावा देने की बात कही और घोषणा की कि नियमित योग करने वाले प्रतिभागियों को राजभवन में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के ‘वैल्यू एडिशन’ और बेहतर मार्केटिंग पर भी बल दिया ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
सड़क सुरक्षा और रेडक्रॉस
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने अधिकारियों को सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी में अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस उच्च स्तरीय बैठक में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री विरेन्द्र सिंह, श्रीमती योगिता देवांगन सहित सभी एसडीएम, नगर निगम आयुक्त और विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।