
दुर्ग के बोरी थाना क्षेत्र की घटना; दो बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर, रायपुर एम्स रेफर
दुर्ग। जिले के बोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मड़ियापार से बारात लेकर लौट रही ‘दादा कंपनी’ की बस अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे के वक्त बस में करीब 40 बराती सवार थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो बच्चों और एक बुजुर्ग की हालत नाजुक बनी हुई है।
रात 11:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बारात दुर्ग से मड़ियापार गई हुई थी। रविवार रात करीब 11:30 बजे जब बस वापस लौट रही थी, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे सड़क किनारे गड्ढे में समा गई। रात का अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में शुरुआत में दिक्कतें आईं, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और बोरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
गंभीर घायलों को रायपुर एम्स किया गया रेफर
हादसे में घायल हुए 19 लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दो मासूम बच्चों और एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया गया है, जहाँ वे फिलहाल जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
बोरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है कि हादसा ड्राइवर की लापरवाही या तेज रफ्तार की वजह से हुआ है या फिर बस में कोई तकनीकी खराबी आई थी। इस घटना ने एक बार फिर यात्री बसों की सुरक्षा और रात के सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।