जांजगीर-चांपा दहला: एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

Spread the love
जांजगीर-चांपा दहला: एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

जांजगीर-चांपा / जिले के भवंतरा गांव से शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चों की खून से लथपथ लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। चारों शव घर के बाहर खाट पर खून से सने हालत में मिले।

बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान के निर्माण कार्य के चलते घटनास्थल पर ही रुका हुआ था। शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे मिस्त्री ने जब चारों को मृत अवस्था में देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल गांव के सरपंच और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।


पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *