
आजाद नवयुवक मंडल दुर्गा एवं गणेश उत्सव समिति के युवाओं ने दिखाया उत्साह
दुर्ग। शहर के पचरीपारा स्थित आजाद नवयुवक मंडल दुर्गा उत्सव समिति एवं आजाद नवयुवक गणेश उत्सव समिति द्वारा शुक्रवार (17 जुलाई) को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय दुर्ग में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 66 यूनिट रक्त दान कर समाज के सामने एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।
समिति के सदस्यों द्वारा दान किया गया यह 66 यूनिट रक्त जिला चिकित्सालय दुर्ग के ब्लड बैंक को सौंपा गया, जो आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा। युवाओं के इस पुनीत कार्य और सेवा भाव की अस्पताल प्रबंधन ने भी काफी सराहना की।
इस सफल रक्तदान शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन की टीम मुस्तैदी से मौजूद रही। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय दुर्ग के सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीषन कुमार मिंज, ब्लड बैंक प्रभारी अधिकारी डॉ. संतराम चुरेंद्र और चिकित्सा अधिकारी डॉ. लीयमान चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही, रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षित रक्तदान की प्रक्रिया को संपन्न कराने में नर्सिंग ऑफिसर सती गुप्ता, तरूणा रावत और हिमांशु चंद्राकर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल प्रबंधन ने समिति के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित किया।