
फील्ड ऑफिसर और अकाउंटेंट गिरफ्तार, 115 करोड़ के फर्जीवाड़े में 27 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर
रायपुर | छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में हुए बहुचर्चित 115 करोड़ रुपये के ओवरटाइम भुगतान घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने मामले में संलिप्त निजी प्लेसमेंट एजेंसी ‘ईगल हंटर सॉल्यूशन’ के फील्ड ऑफिसर और अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
कमीशन का खेल: कर्मचारियों के हक पर डाका
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि प्लेसमेंट कर्मचारियों के नाम पर जारी होने वाली ओवरटाइम की भारी-भरकम राशि का एक बड़ा हिस्सा सीधे अफसरों की जेब में जा रहा था। सूत्रों के अनुसार, ईगल हंटर सॉल्यूशन के माध्यम से करीब 115 करोड़ रुपये का भुगतान ओवरटाइम के नाम पर किया गया था। इस रकम का बंदरबांट इस तरह किया जाता था कि कर्मचारियों को मिलने वाली राशि का एक निश्चित हिस्सा ‘कमीशन’ के रूप में प्रभावशाली अधिकारियों तक पहुँचाया जाता था।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े नाम
ACB-EOW की टीम गिरफ्तार फील्ड ऑफिसर और अकाउंटेंट से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इन दोनों की गिरफ्तारी इस घोटाले की पहली कड़ी है। रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ में CSMCL के कई आला अधिकारियों और अन्य रसूखदारों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। एजेंसी अब उन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन डिटेल्स को खंगाल रही है, जिनके जरिए करोड़ों की यह राशि इधर-उधर की गई थी।