
दुर्ग। दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन में लाखों रुपए की हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कुलसचिव पर अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर महिला कर्मचारी के वेतन से लगभग 1.5 लाख रुपए गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत शुभांगी मराठे ने 3 अगस्त को इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता विश्वविद्यालय में काम करने के साथ-साथ कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप के निवास पर भोजन बनाने का काम भी करती थी। महिला का मासिक वेतन 11,515 रुपए निर्धारित था, लेकिन आरोप है कि कुलसचिव द्वारा उसे नकद के रूप में मात्र 2,200 रुपए ही दिए जाते थे। शेष राशि आरोपी के दबाव में फोनपे (PhonePe) और पेटीएम (Paytm) के जरिए ‘उदय कुलदीप’ नामक व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर करा ली जाती थी।
सीएसपी ने बताया कि 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच आरोपी ने इस तरीके से कुल 1,49,384 रुपए का गबन किया। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया गया था। जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक खातों के विवरण और यूपीआई (UPI) ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच करने पर महिला के आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कुलसचिव ने अपने प्रशासनिक पद का बेजा इस्तेमाल करते हुए मातहत कर्मचारी पर दबाव बनाया और उसके हक के पैसे अपने परिचित के खाते में ट्रांसफर करवाकर अनुचित आर्थिक लाभ लिया। विश्वविद्यालय के प्रतिवेदन और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।