दुर्ग | संवाददाता वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। धमधा ब्लॉक के ग्राम दनिया (बोरी) में एयर गन से दो हनुमान लंगूरों का शिकार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को ग्राम दनिया में दो हनुमान लंगूरों (Semnopithecus entellus) के शिकार की सूचना प्राप्त हुई थी। वन विभाग दुर्ग और स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त दबिश दी। जांच में पाया गया कि आरोपी अजय पटेल (पिता लुमन पटेल) ने एयर गन का इस्तेमाल कर इन बेजुबान वन्य प्राणियों की जान ली है।
कड़ी धाराओं के तहत कार्यवाही
हनुमान लंगूर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची 02 के अनुक्रमांक 24 के तहत संरक्षित श्रेणी में आते हैं। इनके शिकार को कानूनन गंभीर अपराध माना गया है। वन विभाग ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ:
- वन अपराध प्रकरण क्रमांक: 6983/17 दर्ज किया।
- कानूनी धाराएं: वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 09, 39 एवं 51 के उल्लंघन के तहत कार्यवाही की गई।
भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अजय पटेल को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे 21 अप्रैल 2026 तक के लिए न्यायिक हिरासत (रिमांड) में जेल भेज दिया गया है।
अपील: वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वन्य जीवों को नुकसान न पहुँचाएँ। वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत शिकार करना या उन्हें प्रताड़ित करना गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें कड़ी सजा का प्रावधान है।