कोहका स्थित ‘बीरा जी के अंगना’ में गूँज रही है पंच की दहाड़, 450 बच्चे ले रहे आत्मरक्षा की ट्रेनिंग

Spread the love
कोहका स्थित ‘बीरा जी के अंगना’ में गूँज रही है पंच की दहाड़, 450 बच्चे ले रहे आत्मरक्षा की ट्रेनिंग

भिलाई। वर्तमान समय में बच्चों, विशेषकर बेटियों के लिए आत्मरक्षा के गुर सीखना अनिवार्य हो गया है। इसी उद्देश्य को सार्थक करते हुए कोहका स्थित ‘बीरा जी के अंगना’ में नि:शुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में न केवल शारीरिक कौशल, बल्कि बच्चों को सामाजिक सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

गुड टच-बैड टच की दी जा रही जानकारी

​प्रशिक्षक अंजना राजवीर सिंह द्वारा प्रतिदिन संध्या 4:30 से 6:30 बजे तक बच्चों को कड़ा अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण की खास बात यह है कि यहाँ 03 से 25 वर्ष तक के बच्चों व युवाओं को आत्मरक्षा के दांव-पेच सिखाने के साथ-साथ ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। शिविर में बच्चों के उत्साह को देखते हुए उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

नशा नहीं, खेल का जुनून पालें: इंद्रजीत सिंह

​शिविर में बच्चों का उत्साहवर्धन करने पहुँचे सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने कहा, “जीवन में सफलता के लिए स्वस्थ रहना सबसे पहली आवश्यकता है, क्योंकि स्वस्थ शरीर और आत्मा में ही ईश्वर का वास होता है।” उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा करना है तो खेल और लक्ष्य प्राप्ति का करें।

समिति की आगामी योजनाएं:

  • ​जल्द ही बच्चों के लिए बॉक्सिंग प्रैक्टिस हेतु पंचिंग बैग लगाए जाएंगे।
  • ​सभी प्रशिक्षणार्थियों को नि:शुल्क कराटे ड्रेस वितरित की जाएगी ताकि अनुशासन और एकरूपता बनी रहे।

100-100 के बैच में मिल रहा प्रशिक्षण

​शिविर की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 450 से अधिक बच्चों ने अपना पंजीकरण कराया है। सुचारू प्रशिक्षण के लिए 100-100 बच्चों के बैच बनाए गए हैं।

​इस अवसर पर कोषाध्यक्ष जोगा राव, राम हिंदरिया, शाहनवाज कुरैशी, श्रीमती चांदनी जगत, शिवबाती जांघेल, अंजलि साहू, मंजू वर्मा, रानी विश्वकर्मा, सरस्वती धुरंधर सहित समिति के अन्य सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *