
भिलाई। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के विभिन्न विभागों एवं इकाइयों में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण निर्माण का संकल्प लिया।
सिंटर प्लांट-3 (एसपी-3) में इस अवसर पर नव विकसित वृक्षारोपण क्षेत्र ‘अमराई’ का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (पीपीसी) प्रवीण राय भल्ला एवं मुख्य महाप्रबंधक (ओएचपी एवं एसपी-3) सजीव वर्गीज द्वारा किया गया। संयंत्र परिसर में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित इस क्षेत्र की परिकल्पना एवं क्रियान्वयन महाप्रबंधक (एसपी-3) आई.वी. रमणा, ए.के. बेडेकर तथा एस.सी. चांवरिया के नेतृत्व में किया गया।
पर्यावरण प्रबंधन विभाग के सहयोग से ‘अमराई’ क्षेत्र में लगभग 100 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में ओएचपी, एसपी-2, एलडीसीपी, सीएमएम, सीईडी, एसईडी, स्टोर्स, पीएलईएम, एचएम (ई), सीआरएम (ई), मैकेनिकल सर्विसेज तथा डब्ल्यूएमडी के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में नंदिनी लाइमस्टोन माइंस में भी प्रशासनिक भवन परिसर में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग की रेंज ऑफिसर अंजू वर्मा एवं छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी प्रमेन्द्र पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ किया गया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मुख्य महाप्रबंधक (फ्लक्स) चिंताला श्रीकांत के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन प्रतिनिधियों एवं संविदा कर्मियों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर खान प्रबंधक संतोष कुमार खांडे, वरिष्ठ अधिकारी सुधाकर जामुलकर, ओमेन टेटे एवं अलंकार भीवगड़े सहित अन्य अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। नंदिनी लाइमस्टोन माइंस द्वारा वर्ष 2026 में 5,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि संस्थान द्वारा हरित पट्टी विकास, जल संरक्षण, धूल नियंत्रण एवं जैव विविधता संवर्धन के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।